
Delhi Elections 2025 के नजदीक आते ही राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने आम आदमी पार्टी के नेता और राज्यसभा सांसद संजय सिंह पर कई स्थानों पर मतदाता होने का गंभीर आरोप लगाया है।
भाजपा का आरोप
वीरेंद्र सचदेवा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में दावा किया कि संजय सिंह 2018 में सुल्तानपुर नगर परिषद पालिका के मतदाता थे। इसी दौरान उन्होंने राज्यसभा चुनाव के लिए शपथ पत्र में खुद को हरिनगर का मतदाता बताया। इसके अलावा, लोकसभा चुनाव में उन्होंने नई दिल्ली विधानसभा क्षेत्र में मतदान किया। सचदेवा के अनुसार, संजय सिंह दिल्ली के तिलक नगर से भी मतदाता हैं।
संजय सिंह की पत्नी पर भी निशाना
संजय सिंह की पत्नी अनीता सिंह पर भी आरोप लगाते हुए सचदेवा ने कहा कि उन्होंने आठ जनवरी 2024 के शपथ पत्र में खुद को सुल्तानपुर का मतदाता बताया, जबकि उनका नाम चार जनवरी 2024 को सुल्तानपुर की मतदाता सूची से हटा दिया गया था।
क्या है मामला?
दिल्ली में कथित तौर पर अवैध और फर्जी मतदाताओं को लेकर भाजपा और आम आदमी पार्टी के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है। भाजपा का कहना है कि वे अवैध रूप से रह रहे रोहिंग्या और बांग्लादेशियों के दस्तावेजों की जांच कर रहे हैं और फर्जी मतदाता सूची को साफ करने का प्रयास कर रहे हैं। वहीं, आम आदमी पार्टी का आरोप है कि भाजपा पूर्वांचलियों को निशाना बनाकर उनके नाम मतदाता सूची से हटवा रही है।
ये भी पढ़ें – भाजपा जल्द करेगी प्रत्याशियों के नाम का ऐलान, MP वाले फॉर्मूले पर विचार करेगी क्या ?
संजय सिंह का जवाब
इस मामले में आम आदमी पार्टी की ओर से अब तक कोई औपचारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है। हालांकि, पार्टी के नेता भाजपा पर चुनावी माहौल बिगाड़ने और झूठे आरोप लगाने का आरोप लगा रहे हैं।
चुनाव से पहले बढ़ी तनातनी
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि चुनाव से पहले मतदाता सूची से जुड़े इस विवाद से दोनों दलों के बीच खींचतान और बढ़ सकती है। इसके साथ ही यह मामला चुनाव प्रचार में अहम मुद्दा बन सकता है।
आगे की कार्रवाई
भाजपा ने इस मुद्दे पर चुनाव आयोग से शिकायत दर्ज कराने की बात कही है। अब देखना होगा कि आयोग इस मामले में क्या रुख अपनाता है और क्या यह चुनावी मुद्दा बनकर उभरता है।